शिलचर में जमीन विवाद को लेकर हमला, पिता-पुत्र घायल

शिलचर, । काछार जिले के शिलचर उत्तर कृष्णपुर प्रथम खंड में पैतृक जमीन को लेकर करीबी रिश्तेदारों के बीच हुए विवाद और कथित हमले की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

शुक्रवार (18 सितंबर) दोपहर करीब 1 बजे छह लोग धारदार हथियारों के साथ पहुंचकर फरहाद इस्लाम चौधरी की दुकान की टिन की चादरें खोलने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर खैरुल इस्लाम चौधरी और सरोवर चौधरी ने लोहे की रॉड से फरहाद के सिर और पैर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर फरहाद के पिता मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

रांगीरखाड़ी थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित ने इस घटना को लेकर छह लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में खैरुल इस्लाम चौधरी, सरोवर चौधरी, शिपन अहमद चौधरी, कमाल उद्दीन चौधरी, अदनान उद्दीन चौधरी और मिनाज उद्दीन चौधरी के नाम शामिल हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले करीब चार वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और मामला शिलचर अदालत में विचाराधीन है।

घायल फरहाद इस्लाम चौधरी ने शनिवार रात सिर पर पट्टी बांधे हुए मीडिया के सामने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे एक संगठित भूमि माफिया गिरोह का हाथ है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कुछ लोगों के नाम भी लिए और दावा किया कि उन्हीं के नेतृत्व में लगातार हमले किए जा रहे हैं।

फरहाद ने यह भी आरोप लगाया कि मामला वापस लेने के लिए उन्हें 25 लाख रुपये में समझौते का प्रस्ताव दिया गया था। घायल अवस्था में उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक तथा राज्य के मुख्यमंत्री से मामले में निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment