शिलचर में कनेक्टिंग रूरल हेल्थ केयर एंड वेलफेयर फाउंडेशन का उद्घाटन

ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल

प्रेरणा भारती, शिलचर: शिलचर के रंगिरखाड़ी स्थित एक विवाह भवन में शनिवार दोपहर कनेक्टिंग रूरल हेल्थ केयर एंड वेलफेयर फाउंडेशन का उद्घाटन एवं परिचर्चा सभा आयोजित की गई। इस दौरान कछार जिले के विभिन्न ब्लॉकों के प्रतिनिधियों के साथ फाउंडेशन की गतिविधियों और भावी योजनाओं पर चर्चा की गई।

सभा को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के सीएमडी अजमल हुसैन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ‘ग्रामीण स्वास्थ्य एवं कल्याण प्रवेश योजना’ शुरू की गई है। इस योजना के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य जांच और दवाओं के वितरण की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत निजी चिकित्सकों, फार्मेसी, प्रयोगशाला जांच और नर्सिंग होम की सेवाओं पर 10 से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क एंबुलेंस सेवा तथा सामान्य मरीजों के लिए एंबुलेंस सेवा पर 50 प्रतिशत छूट का प्रावधान भी रखा गया है।

योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य सामग्री, दवाइयां, पानी के फिल्टर और वस्त्र वितरित करने की पहल की जाएगी। इसके अलावा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, मोहल्ला क्लिनिक और परामर्श केंद्र स्थापित करने, दिव्यांगों एवं जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहायता देने तथा कैंसर मरीजों की मदद करने की योजनाएं भी शामिल हैं।

फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज का कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण उचित चिकित्सा सेवाओं से वंचित न रहे।

पूरे कार्यक्रम का संचालन शरीफ उद्दीन ने किया। इस अवसर पर रुहिना बेगम, अबुल बहार लस्कर, शबराम चौधरी, साहेला लस्कर, सोमा साहा, शाहिद मुस्तफा मजूमदार, साहिर हुसैन लस्कर, तैयबुर रहमान, कुहिनूर आलम लस्कर, प्रियंका राय, लुहिज अहमद बड़ा भुइयां, सुवन बेगम लस्कर, हाफसा बेगम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment