शिलचर, 20 सितंबर। लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर शिलचर के घनियाला क्षेत्र के 7 और 8 नंबर वार्ड के युवा समाज के तत्वावधान में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। घनियाला के ईएनडी अंबर अली लेन के समीप खुले मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुबिन गर्ग के प्रशंसकों के साथ विशिष्ट एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उद्घोषक, संस्कृतिकर्मी, आयोजक, समाजसेवी एवं नाटककार एनामुल इस्लाम लस्कर ने जुबिन गर्ग के जीवन एवं संगीत योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक एवं अधिवक्ता कुतुबउद्दीन तालुकदार, अधिवक्ता एवं शिलचर नगर निगम के 7 नंबर वार्ड की प्रत्याशी फातेहा फरदौस तालुकदार तथा मखाशा मोकाम कमेटी के पूर्व अध्यक्ष समसुर उद्दीन लस्कर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर उपस्थित जुबिन प्रेमियों ने जुबिन गर्ग की मृत्यु के रहस्य की निष्पक्ष जांच कर उचित न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने असम सरकार एवं मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से भी मामले की जांच कर न्याय सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बाल कलाकार माहिर लस्कर ने जुबिन गर्ग का प्रसिद्ध गीत ‘या अली’ प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन जीत लिया। वहीं अधिवक्ता फातेहा फरदौस तालुकदार ने लोकप्रिय गीत ‘मायाबिनी’ प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में जुबिन गर्ग की आत्मा की चिरशांति के लिए एक मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम के आयोजन में घनियाला के अमीर उद्दीन, साबिल अहमद, अल्ताफ अली, जलील अहमद, इनजामुल अहमद, ताज उद्दीन सहित कई युवाओं की सक्रिय भूमिका रही। पूरे कार्यक्रम का संचालन नाटककार, संगीत कलाकार, आयोजक एवं समाजसेवी एनामुल इस्लाम लस्कर ने किया।