शिलचर एकल महिला समिति ने रुकनी ग्राम के दो विद्यालयों का किया दौरा

बच्चों के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक भोजन का आयोजन

शिलचर, 16 अक्टूबर। शिलचर एकल महिला समिति के सात सदस्यों एवं एक अतिथि ने 13 अक्टूबर को अमराघाट संच के अंतर्गत रुकनी ग्राम स्थित दो विद्यालयों—रुकनी ग्राम काली मंदिर एवं रुकनी बंगला टीला—का दौरा किया। लगभग 37 किलोमीटर की यात्रा तय कर समिति के सदस्य संभाग प्रमुख बाबुल जी के सहयोग से दोपहर 2:30 बजे विद्यालय परिसर पहुंचे।

विद्यालय पहुंचने पर दोनों स्कूलों के बच्चों को एक स्थान पर एकत्रित किया गया। इसके बाद आचार्यों ने तिलक-अक्षत लगाकर एवं पुष्प भेंट कर अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। दीप प्रज्वलन और ॐ ध्वनि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ प्रश्नोत्तरी एवं विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की कन्याओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। बच्चों के उत्साह, उमंग और प्रतिभा को देखकर समिति के सदस्य काफी प्रसन्न हुए।

समिति के सदस्यों ने दोनों विद्यालयों का निरीक्षण कर आचार्यों से बातचीत की तथा बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। नवरात्रि के पावन अवसर पर समिति की ओर से सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। सभी कन्याओं एवं उपस्थित अन्य लोगों ने घर में तैयार किए गए भोजन का आनंदपूर्वक ग्रहण किया।

कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से बच्चों को उपहार भेंट किए गए। साथ ही दोनों विद्यालयों के आचार्यों, संच प्रमुख, संभाग प्रमुख, अभियान प्रमुख एवं अन्य कार्यकर्ताओं को भी सम्मानस्वरूप भेंट प्रदान की गई।

इस प्रकार बच्चों के साथ आत्मीय संवाद, सांस्कृतिक गतिविधियों और सेवा भावना से परिपूर्ण समिति की यह वनयात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम के बाद सभी सदस्य संध्या लगभग सात बजे अपने घर लौट आए।

यह दौरा बच्चों के साथ जुड़ाव मजबूत करने, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित होने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।

Leave a Comment