सैदपुर/शिलचर:
ग्रुप केंद्र शिलचर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सी.आर.पी.एफ. द्वारा आज शहीद सिपाही विजय प्रवास राय की पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव सैदपुर जिले कछार में एक अत्यंत भावुक और गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। शहीद के बचपन के स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्री अमन राय के साथ साथ स्थानीय ग्रामवासी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने नम आंखों से देश के वीर सपूत को नमन किया। कछार जिले के सैदपुर (रायपाड़ा) में २१ सितंबर १९६० को जन्मे शहीद सिपाही विजय प्रभाश राय २७ दिसंबर १९८० को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ) में मातृभूमि की सेवा के लिए भर्ती हुए। वर्ष २००० में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील पुंछ जिले में थी। २७ अक्टूबर २००० को, जब वह मोर्चे पर संतरी ड्यूटी पर मुस्तैद थे, तब उग्रवादियों ने उनके मोर्चे पर अंधाधुंध गोलीबारी कर भारी हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में सिपाही विजय प्रभाश राय गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद, उन्होंने अद्भुत वीरता का परिचय देते हुए अपनी अंतिम सांस तक उग्रवादियों का डटकर मुकाबला किया और देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। आज उनकी पुण्यतिथि पर देश उनके इस सर्वोच्च बलिदान को नमन करता है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रुप केंद्र,सी.आर.पी.एफ., सिलचर के सहायक कमांडेंट श्री अनंत राजवंशी ने शहीद की धर्मपत्नी वीरांगना बिना राय और ग्रामीणों के साथ शहीद सिपाही विजय प्रवास राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर ग्रुप केंद्र सिलचर की ओर से शहीद की स्मृतियों को जीवंत रखने और उनके सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देने के लिए वीरांगना बीना राय को पारंपरिक गमछा पहनाकर और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
शहीद की याद में बने भवन और मार्गों का हुआ विशेष जिक्र
इस अवसर पर श्री अनंत राजवंशी, सहायक कमांडेंट ने बताया कि शहीद विजय प्रवास राय की शहादत और उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। कार्यक्रम में गांव में निर्मित ‘सैदपुर मार्ग’ और ग्रुप केंद्र,सिलचर कैंप परिसर में बनाए गए ‘शहीद बी.पी. राय मार्ग’ और ‘शहीद बी.पी. राय भवन’ का विशेष रूप से जिक्र किया गया। ये मार्ग आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना के लिए हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
इस श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित ग्राम प्रधान और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सी.आर.पी.एफ. के इस संवेदनशील प्रयास की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि शहीद विजय प्रवास राय पूरे क्षेत्र के गौरव हैं और उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता ।