वैशाख सुंदर प्रतियोगिता में श्रेयान राय और दिव्यांशी चक्रवर्ती बने विजेता
उधारबंद, 11 जून (निहार कांति राय): एन.के. आर्ट स्टूडियो और निक्कन सांस्कृतिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को शिलचर के गांधी भवन स्थित माधुरी नाग होम चौधुरी स्मृति मंच पर भव्य ‘वैशाख सुंदर प्रतियोगिता – श्रीमान सुंदर एवं श्रीमती सुंदर 2026’ का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए श्रेयान राय ने ‘श्रीमान सुंदर 2026’ तथा दिव्यांशी चक्रवर्ती ने ‘श्रीमती सुंदर 2026’ का खिताब अपने नाम किया। ‘श्रीमान सुंदर’ का यह सम्मान स्वर्गीय रंजीत कुमार देव की स्मृति में एन.के. आर्ट स्टूडियो द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उधारबंद के विधायक एवं समारोह के मुख्य अतिथि राजदीप गोयाला ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. कस्तूरी होम चौधुरी, विश्वजीत राय चौधुरी, विश्वतोष विश्वास, निक्कन संस्था के मुख्य सलाहकार नवेंदु नाथ बरभुइया, संस्था के अध्यक्षा शुभ्रांशु नाथ मजूमदार, अध्यक्ष योगेंद्र दास तथा शिक्षक गौरीशंकर नाथ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अपने संबोधन में विधायक राजदीप गोयाला ने कहा कि शिलचर सदैव से सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है और उधारबंद भी इस क्षेत्र में पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि निक्कन सांस्कृतिक संस्था द्वारा आयोजित वैशाख सुंदर प्रतियोगिता क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। ऐसे आयोजनों से उभरने वाली प्रतिभाएं भविष्य में बराक घाटी का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।
कार्यक्रम में विभिन्न अतिथियों को सम्मानित किया गया। साथ ही स्वर्गीय माधुरी नाग को मरणोपरांत सम्मान प्रदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर डॉ. कस्तूरी होम चौधुरी, विश्वजीत राय चौधुरी, विश्वतोष विश्वास तथा मुख्य सलाहकार नवेंदु नाथ बरभुइया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि निक्कन संस्था बराक घाटी के कोने-कोने में बच्चों और युवाओं की कलात्मक प्रतिभा को विकसित करने का सराहनीय प्रयास कर रही है। वक्ताओं ने संस्था के अध्यक्षा शुभ्रांशु नाथ मजूमदार के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रसिद्ध फैशन डिज़ाइनर माधुरी गुप्ता और डॉ. देवस्मिता नाथ शामिल थीं। दोनों ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके कारण निर्णय लेना अत्यंत कठिन था। गहन मूल्यांकन के बाद ही विजेताओं का चयन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान निर्णायकों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उद्घोषक बिप्लब डे तथा प्रतियोगियों को प्रशिक्षण देने वाली सुचिस्मिता भट्टाचार्य को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त संस्था की ओर से महान कलाकार स्वर्गीय सुशील चौधुरी को नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में लक्ष्मी डांस अकादमी, निर्वाण, नित्यान्जली, सुरबाला सहित अनेक नृत्य संस्थाओं के कलाकारों ने भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं के संचालकों और प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
समूचा आयोजन सांस्कृतिक उत्साह, प्रतिभा प्रदर्शन और सम्मान समारोहों के बीच अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।