विद्यालय में शिक्षकों के अभाव में पढ़ाई नहीं हो रही, अभिभावकों में आक्रोश

प्रे.सं., लखीपुर १६ अगस्त : लखीपुर विधानसभा क्षेत्र के जयपुर -राजाबाजार इलाके में, लक्षीछरा पब्लिक एम ई स्कूल में, विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार विद्यालय में शिक्षक नहीं हैं। दो संयुक्त विद्यालय पहले से ही मात्र चार शिक्षकों के सहारे चल रहे हैं। सरकार के आदेश पर दक्षिण राखाल टीला के  एल पी स्कूल को लक्षीछरा पब्लिक एमई स्कूल में शामिल कर देने से उक्त विद्यालय में कुल मिलाकर, १३७ विद्यार्थी हैं। एक स्कूल से दूसरे स्कूल भवन की दूरी पांच सौ मीटर है। वर्तमान में पांच शिक्षकों में जलाल उद्दीन नामक शिक्षक एक माह के अंदर सेवा से सेवानिवृत्त हो जायेंगे। वहाँ एक असमिया विषय का शिक्षक है लेकिन स्कूल बंगला माध्यम का है। विद्यालय में विज्ञान, गणित व हिंदी विषय के शिक्षक नहीं हैं । इनमें से दो शिक्षकों को राजाबाजार शिक्षा प्रमंडल पदाधिकारी तपन कुमार प्रजापति के आदेश पर उक्त विद्यालय से दूसरे विद्यालय में तबादला कर दिया गया है, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने की है। इससे अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों समेत स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है । स्थानीय लोगों द्वारा राजाबाजार शिक्षा प्रखंड पदाधिकारी को लिखित रूप से लक्षीछरा पब्लिक एमई स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गयी, बल्कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने इसके विपरीत कार्य किया । यह मांग करने के बाद हाजिर हुसैन बरभुइया और किशोर कुमार देव को इस स्कूल से हटाकर दूसरे स्कूल में ले जाया गया । शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती देख ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को घेर लिया और तरह-तरह के सवाल उठाए । विद्यार्थियों के अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने मांग उठाई कि यदि जल्द ही इस विद्यालय में आवश्यक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो वे बड़े आंदोलन के रास्ते पर चलने के लिए बिवश होंगे। ग्रामीणों ने बताया कि मामला पहले ही लखीपुर के विधायक कौशिक राय के संज्ञान में लाया जा चुका है। उन्होंने जल्द ही मांगें पूरी नहीं होने पर स्कूलों में तालाबंदी और राष्ट्रीय राजमार्गों को अवरुद्ध करने के साथ-साथ धरना देने की भी चेतावनी दी है।

Leave a Comment