विद्यानगर के चन्नीघाट हाई स्कूल के सामने 8 करोड़ रुपये की 80 हजार याबा टैबलेट जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 14 जुलाई: नशा विरोधी अभियान के तहत रामकृष्णनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार सुबह विद्यानगर जीपी अंतर्गत चान्नीघाट हाई स्कूल के सामने बिना नंबर की एक इको कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने 80 हजार याबा टैबलेट बरामद की। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 8 किलोग्राम 75 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय काले बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

इस मामले में पुलिस ने अल्ताफ हुसैन, एनाम हुसैन और शमीम उद्दीन को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी क्रमशः डोलुगांव, दलग्राम और राताबाड़ी क्षेत्र के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये मादक पदार्थ मिजोरम से श्रीभूमि ले जाया जा रहा था।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे गिरोह के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। तीनों आरोपियों को बुधवार को श्रीभूमि जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा।

श्रीभूमि की एसएसपी लीना डोले ने बताया कि यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण था। डीएसपी मानस प्रतिम चौधरी और सीडीएसपी अंशुल शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और भविष्य में भी नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान चलाया जाएगा।

गौरतलब है कि असम सरकार ने राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हाल के दिनों में विभिन्न जिलों में लगातार मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Comment