सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने के लिए ‘सेवा सेतु’, स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित
प्रेरणा भारती, निहार कांति राय, उधारबंद।
विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ गुरुवार को उधारबंद में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अरुणाबंद बाजार के निकट जगन्नाथ मंडप सह सामाजिक कौशल विकास केंद्र में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना था।
कछार जिला परिषद के अध्यक्ष कंकन नारायण शिकदार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनना होगा। उन्होंने लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और संबंधित विभागों से संपर्क की जानकारी दी।
उधारबंद विधायक राजदीप गोयाला के प्रतिनिधि एवं उधारबंद मंडल अध्यक्ष उमा शंकर भट्टाचार्य ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन तथा उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर महीने भर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है, जिसका समापन 17 अक्टूबर को होगा। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें सीधे सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक क्षेत्रीय पंचायत अध्यक्ष सुमन केवट, बीडीओ साधना काथारपी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एसडीएमओ डॉ. अर्जुन प्रसाद गोयाला ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विभिन्न पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने लोगों की समस्याओं और योजनाओं से संबंधित सवालों का समाधान किया।