गुवाहाटी, 30 जून। भारत विकास परिषद, मध्य गुवाहाटी शाखा की ओर से मंगलवार को फैंसी बाजार स्थित लालचंद ओंकारमल हाई स्कूल में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वंदे मातरम् गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के आठ समूहों के लगभग 90 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त समूहों को भारत विकास परिषद की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद, असम प्रांत के सेवा प्रमुख संतलाल मित्तल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ शाखा सचिव अभय घोषाल, सहसचिव राजीव राय, कोषाध्यक्ष विजय सिंह सुराणा, मीडिया प्रभारी तनसुख राठी, सुरेश गर्ग, विश्वंभर शर्मा सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।