लायंस क्लब ऑफ लखीमपुर और लखीमपुर प्रेरणा की सराहनीय पहल

 लगभग 35 स्कूली बच्चों की हुई नेत्र जांच, जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क दवाइयां, चश्मे और शैक्षणिक सामग्री का वितरण

समाज  के कल्याण तथा स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए लायंस क्लब ऑफ लखीमपुर और लायंस क्लब ऑफ लखीमपुर प्रेरणा के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्कूल नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी शिक्षा में दृष्टि संबंधी समस्याओं के कारण आने वाली बाधाओं को दूर करना था। शिविर के अंतर्गत एक स्थानीय लखीमपुर के वार्ड नंबर 6 स्थित सर्वेश्वर बरुआ उत्तर लखीमपुर हिंदी  विद्यालय की कक्षा आठवीं, नौवीं और दसवीं के लगभग 35 विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई। शिक्षा के महत्वपूर्ण पड़ाव पर अध्ययनरत बच्चों के लिए स्पष्ट दृष्टि की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए क्लब की ओर से इस विशेष पहल को अंजाम दिया गया। विद्यार्थियों की विस्तृत नेत्र जांच के लिए उन्हें सबोटी स्थित समरप्रित हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां लायंस क्लब की सक्रिय सदस्य एवं क्षेत्र की सुप्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ लायन डॉक्टर के. एम. रीवा दास की देखरेख में बच्चों की आंखों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान कुछ विद्यार्थियों में आंखों से संबंधित मामूली समस्याएं पाई गईं, जिनके उपचार के लिए उन्हें आवश्यक दवाइयां निःशुल्क प्रदान की गईं। वहीं, दृष्टि संबंधी आवश्यकता के आधार पर 15 विद्यार्थियों को निःशुल्क चश्मे भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इस प्रकार शिविर के माध्यम से बच्चों के नेत्र स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। चिकित्सा सहायता के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा गया। डॉक्टर के. एम. रीवा दास की ओर से प्रत्येक बच्चे को कॉपी, पेन, पेंसिल, रबर, स्केल, प्रोटेक्टर, शार्पनर सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त लायंस क्लब की ओर से सभी बच्चों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। इस पहल ने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की क्लब की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। शिविर की सफलता में लायंस क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं सेवा समिति के अध्यक्ष लायन डॉक्टर ए. रहमान का विशेष योगदान रहा।क्लब की ओर से उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। डॉक्टर रहमान ने उदारता का परिचय देते हुए विद्यार्थियों को वितरित किए जाने वाले चश्मों के प्रायोजन की जिम्मेदारी उठाई। इसके साथ ही डॉक्टर के. एम. रीवा दास द्वारा बच्चों को निःशुल्क उपलब्ध कराई गई दवाइयों में भी उनका महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उनके आर्थिक एवं नैतिक सहयोग से जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिली। इस सेवा अभियान को सफल बनाने में लायंस क्लब ऑफ लखीमपुर के अध्यक्ष सुशील कुमार शुक्ला, सचिव मनोज कुमार भारद्वाज, उपाध्यक्ष डॉक्टर के. एम. रीवा दास, डॉक्टर ए. रहमान, डॉक्टर ए. एस. तालुकदार, डॉक्टर मून रुद्रापाल और मानिक लाल दामानी का उल्लेखनीय योगदान रहा। वहीं, लायंस क्लब ऑफ लखीमपुर प्रेरणा की ओर से अध्यक्ष ताजवारा सुल्ताना तालुकदार एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती उर्मिला दिनोदिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य और शिक्षा को एक साथ जोड़ने वाली इस पहल को समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।जरूरतमंद विद्यार्थियों की आंखों की जांच, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, चश्मों की व्यवस्था तथा शैक्षणिक सामग्री के वितरण के माध्यम से दोनों क्लबों ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक विकास के प्रति अपनी संवेदनशीलता प्रदर्शित की। इस तरह के प्रयास न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत प्रदान करते हैं, बल्कि बच्चों को बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी करते हैं। लायंस क्लब की ओर से भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद वर्गों के हित में इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

इस कार्यक्रम कैसे सफल आयोजन की व्यवस्थापक के लिए

उपस्थित लोगों ने लायंस क्लब ऑफ लखीमपुर के सचिव मनोज कुमार भारद्वाज की भूरि भूरि प्रशंसा की.

Leave a Comment