लगातार चोरी की घटनाओं से त्रस्त पांचग्राम के लोग
अवैध शराब की दुकानों और जुए के अड्डों को बंद करने की मांग
प्रीतम दास हाइलाकांदी, १ जून :हाइलाकांदी जिले के पांचग्राम थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आम लोगों में गहरी चिंता भय और आक्रोश का माहौल पैदा हो गया है। लंबे समय से जारी इन आपराधिक गतिविधियों के विरोध में सोमवार को विभिन्न गांवों के हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर पांचग्राम थाने में सामूहिक शिकायत दर्ज कराई। क्षेत्र में बढ़ती चोरी अवैध शराब के कारोबार तथा जुए के अड्डों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने अपनी आवाज बुलंद की।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से पांचग्राम थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। चोर गिरोह आवासीय मकानों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा पार्किंग में खड़े वाहनों को निशाना बना रहे हैं। इसके कारण लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। कई परिवारों की रातों की नींद उड़ चुकी है और ग्रामीणों को स्वयं रातभर जागकर पहरा देने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।थाने पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि चोर गिरोह के सदस्य सुनियोजित तरीके से अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। अब तक कई मोटरसाइकिलें कीमती सामान तथा नकदी चोरी हो चुकी है। लोगों ने इन मामलों की शीघ्र जांच कर चोरी गए वाहनों और सामानों की बरामदगी तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।शिकायतकर्ताओं ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के बाइपास मार्ग के आसपास कई स्थानों पर अवैध रूप से शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं। इन स्थानों पर प्रतिदिन शाम से देर रात तक नशा करने वालों और जुआरियों की भीड़ लगी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन्हीं अवैध अड्डों के आसपास विभिन्न प्रकार की असामाजिक और आपराधिक गतिविधियां पनप रही हैं। शराब के नशे में उपद्रव, मारपीट, चोरी तथा अन्य अपराधों की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि अवैध शराब की दुकानों और जुए के अड्डों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाया जाए तो अपराध की घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने पांचग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस की रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी मजबूत करने तथा संदिग्ध अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।स्थानीय लोगों ने कहा हम चाहते हैं कि हमारे क्षेत्र में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे। आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर सकें इसके लिए पुलिस प्रशासन को और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी होगी। चोरी, नशाखोरी और जुए जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।इस बीच पांचग्राम थाना प्रशासन की ओर से लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। हालांकि पुलिस के इस आश्वासन से लोगों में कुछ उम्मीद जगी है लेकिन वे शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।उल्लेखनीय है कि क्षेत्र की शांति सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों का एकजुट होकर थाने का रुख करना जागरूक समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि सामाजिक समस्याओं के विरुद्ध सभी समुदायों की सामूहिक भागीदारी ही अपराधमुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण का आधार बन सकती है।वर्तमान में पांचग्राम के लोगों की एक ही अपेक्षा है कि प्रशासन शीघ्र कदम उठाकर चोरी की घटनाओं पर रोक लगाए अवैध शराब के कारोबार और जुए के अड्डों को बंद करे तथा क्षेत्र में सामान्य कानून व्यवस्था बहाल करे।