चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर 16 जुलाई :——
असम सरकार के सांस्कृतिक परिक्रमण विभाग की पहल, कछाड़ जिला प्रशासन के सहयोग तथा फूलेरतल सरगम शिल्पी संघ के प्रबंधन में गुरुवार से 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन सांस्कृतिक कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। बिन्नाकांदी घाट स्थित जगाई मथुरा हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित इस कार्यशाला में 60 प्रशिक्षार्थी भाग ले रहे हैं। कार्यशाला में प्रतिभागियों को संगीत, नृत्य और योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर आयोजित सभा की अध्यक्षता सरगम शिल्पी संघ के अध्यक्ष सियाराम यादव ने की। मुख्य अतिथियों के रूप में बिन्नाकांदी ब्लॉक एपी के अध्यक्ष लाचित सिंह, जगाई मथुरा हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य शिल्पजीत पाल, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक दुर्गाकांत पांडे, वार्ड सदस्य राजू खटिक, योग शिक्षक सौरभ दास तथा नृत्य शिक्षिका पुष्पिता राय उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद योग शिक्षक सौरभ दास ने उद्घाटन गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
सरगम शिल्पी संघ के सचिव अभ्रजीत पाल ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्य और इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर लाचित सिंह, दुर्गाकांत पांडे, शिल्पजीत पाल, पुलक दास तथा असीम पाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक कार्यशालाएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आयोजकों ने बताया कि आगामी 15 दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा संगीत, नृत्य और योग की विधिवत प्रशिक्षण कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिससे प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिलेगा।
