लखीपुर में हॉस्पिटल नहीं बना तो किया जाएगा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध- यूनाइटेड क्लब

प्रे.सं.लखीपुर १३ सितंबर : लखीपुर अनुमंडल में शहर में वर्तमान ब्लॉक अस्पताल को सौ बिस्तरों वाले अस्पताल में अपग्रेड करने की लंबे समय से मांग की जा रही है। लखीपुर के विभिन्न संगठन पहले भी अलग-अलग इस मांग से सरकार को अवगत करा चुके हैं। उनकी मांगों के आधार पर सरकार ने लखीपुर सरकारी अस्पताल को सौ विस्तर के अस्पताल के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने के बाद अस्पताल परिसर में भवन निर्माण के लिए मिट्टी की जांच भी करायी गयी। लेकिन अब सुनने में आ रहा है कि लखीपुर में वर्तमान अस्पताल की जमीन पर एक सौ बेड का अस्पताल न बनाकर कहीं और बनाया जायेगा। इसके विरोध में बुधवार को यूनाइटेड क्लब संगठन की एक बैठक हुई। बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकारों को बताया कि लखीपुर में वर्तमान अस्पताल की साढ़े सात बीघा जमीन  है। उस स्थान पर एक सौ बिस्तरों वाला अस्पताल बनाने के लिए और ढाई से तीन बीघे जमीन की जरूरत होगी, तो यूनाइटेड क्लब ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारी उसका प्रवंध भी कर देंगे,पर  उन्हें हर अवस्था में लखीपुर शहर में सौ बेड वाले अस्पताल के निर्माण करवाने की मांग को पूरा करना होगा।उन्होंने कहा कि अन्यथा वे लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने को मजबूर होंगे । पत्रकार वार्ता में यूनाइटेड क्लब ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष कांत सिंह, संपादक नंद मोहन सिंह, तरूण कुमार सिंह, आई विनोद कुमार, निरंजन सिंह, किशोर सिंह, सुनीता कंथाजाम सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Comment