शिलचर, 28 अगस्त। शिलचर के रामनगर आईएसबीटी बाइपास क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलजमाव और जर्जर सड़क की समस्या के समाधान की दिशा में प्रशासन एवं संबंधित विभाग ने पहल शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की ओर से ज्ञापन सौंपे जाने के करीब एक सप्ताह के भीतर ही सड़क की स्थिति सुधारने तथा जमा पानी की निकासी के लिए मरम्मत कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में राहत की भावना है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले स्थानीय लोगों की ओर से एनएचआईडीसीएल के महाप्रबंधक (जीएम), भारतमाला परियोजना के जीएम, जिला प्रशासन तथा स्थानीय विधायक को ज्ञापन भेजकर रामनगर आईएसबीटी बाइपास क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से अवगत कराया गया था।
समाजसेवी तथा भाजपा कछार जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष अताउर रहमान लस्कर की पहल पर भेजे गए ज्ञापन में क्षेत्र में मामूली बारिश के बाद भी सड़क पर बड़े पैमाने पर पानी जमा होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। जलजमाव के कारण राहगीरों के साथ-साथ एंबुलेंस से आने-जाने वाले मरीजों, स्कूली एवं कॉलेज के विद्यार्थियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। वहीं, जर्जर सड़क और जमा पानी के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती थी तथा अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी।
ज्ञापन मिलने के बाद प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई शुरू की। गुरुवार से जलजमाव की समस्या दूर करने और सड़क की स्थिति सुधारने के उद्देश्य से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है।
मरम्मत कार्य शुरू होने पर रामनगर क्षेत्र के स्थानीय लोगों तथा अताउर रहमान लस्कर ने जिला प्रशासन, एनएचआईडीसीएल प्राधिकरण और शिलचर के विधायक डॉ. राजदीप रॉय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मरम्मत कार्य निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाता है और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है, तो लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा। इससे रामनगर आईएसबीटी बाइपास से होकर गुजरने वाले हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।