रामकृष्णनगर, 28 जुलाई। पिछले कुछ महीनों से रामकृष्णनगर शहर क्षेत्र में चोरी और डकैती की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी से स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल है। पुलिस प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए सोमवार को स्थानीय नागरिकों ने सीडीएसपी अंशुल शर्मा से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी-डकैती की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने, आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा चोरी गए सामानों की बरामदगी की मांग की। सीडीएसपी अंशुल शर्मा और थाना प्रभारी ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि मामलों में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय निवासी विश्वजीत दे ने कहा कि पिछले दो महीनों से क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा नजदीक है और यदि अपराध पर नियंत्रण नहीं हुआ तो लोग अपने घरों को लेकर चिंतित रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थानीय लोग लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा नाथ, मृगांक दत्त चौधरी, संजीव दास, वार्ड कमिश्नर संदीप दत्त, मोनिका वैद्य, मुन्ना दत्त चौधरी, अतसी भट्टाचार्य, निलय ज्योति सरकार, बिधु धर, शिवु नाथ, विश्वरूप भट्टाचार्य, ऋषिकेश वैद्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।