रामकृष्णनगर में एबीवीपी ने मनाया 78वां स्थापना दिवस, 100 मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

रामकृष्णनगर, 9 जुलाई (गौतम सरकार/हीरक बनिक)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की रामकृष्णनगर शाखा के तत्वावधान में गुरुवार को रामकृष्णनगर कॉलेज के प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं परिषद का 78वां स्थापना दिवस विविध कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित तथा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर रामकृष्णनगर कॉलेज के प्राचार्य अर्जुन देव नाथ, एबीवीपी रामकृष्णनगर शाखा के अध्यक्ष प्रणय कुमार नाथ सहित अन्य अतिथियों ने सहभागिता की। परिषद की ओर से सभी आमंत्रित अतिथियों का उत्तरीय पहनाकर सम्मान किया गया।

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कॉलेज के प्राचार्य अर्जुन देव नाथ ने कहा कि केवल अच्छे अंक प्राप्त कर लेने से जीवन में वास्तविक सफलता नहीं मिलती। सफलता के लिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्य भी आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञान दो प्रकार का होता है—सद्ज्ञान और कुद्ज्ञान। शिक्षा का उद्देश्य ऐसे मूल्यों को आत्मसात करना होना चाहिए, जिन्हें समाज स्वीकार करे। उन्होंने कहा कि समाज में सम्मान धन से नहीं, बल्कि अच्छे कार्यों और उच्च चरित्र से प्राप्त होता है।

इस अवसर पर माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरकारी एवं निजी विद्यालयों के लगभग 100 मेधावी छात्र-छात्राओं को परिषद की ओर से उत्तरीय पहनाकर तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्रदान करने वालों में एबीवीपी रामकृष्णनगर शाखा के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम पाल, कछार जिला युवा मोर्चा के जिला प्रभारी बुद्ध पाल, दीपायन डे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में परिषद के सदस्यों ने धामाइल नृत्य एवं एकल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। अंत में ‘वंदे मातरम्’ की सामूहिक प्रस्तुति के साथ समारोह का समापन हुआ।

कार्यक्रम में एबीवीपी रामकृष्णनगर शाखा के सहाध्यक्ष विकास डे, विद्युत कर, प्रदीप दास, सचिव युवराज देवदास, संयुक्त सचिव रूपांजना देव, सुजॉयिता मालाकार, भौनिश सिन्हा, कार्यालय सचिव शांति दास, निकिता देव राय, रूपक नाथ, तनया दास, मीडिया संयोजक प्रीतम नाथ, सोशल मीडिया संयोजक सारिका चौधरी, कोषाध्यक्ष शिल्पा दास, सिद्धार्थ पाल, पंचमी राय तथा कार्यकारिणी सदस्य शिवशंकर दास, निशा देव एवं अर्पिता मालाकार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment