रामकृष्णनगर पुलिस की बड़ी सफलता, 70 एटीएम कार्ड सहित दो चोर गिरफ्तार

रामकृष्णनगर पुलिस की बड़ी सफलता, 70 एटीएम कार्ड सहित दो चोर गिरफ्तार

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 2 मई :
राज्य पुलिस प्रशासन के कड़े निर्देशों के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में चोरी और अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हालांकि, जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमें शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लगातार निगरानी और अभियान चलाकर अपराध पर अंकुश लगाने में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में रामकृष्णनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।

कुछ दिन पूर्व शहर के कालीनगर क्षेत्र में श्यामा वैद्य के घर में हुई बड़ी चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। चोरों ने घर से लगभग 14 लाख रुपये नकद, सोने के गहने तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में सक्रियता दिखाते हुए रामकृष्णनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पहले ही श्रीभूमि अदालत में पेश किया था।

इसी जांच को आगे बढ़ाते हुए शनिवार तड़के रामकृष्णनगर थाना पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 एटीएम कार्ड सहित दो संदिग्ध चोरों को गिरफ्तार किया। यह अभियान थाना प्रभारी प्रीयव्रत शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाबिर अहमद निवासी बांसकांदी तथा अकबर हुसैन लस्कर निवासी नीट क्षेत्र, जिला कछार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है, ताकि किसी बड़े गिरोह या अन्य अपराधों से जुड़े तारों का पता लगाया जा सके।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों को रविवार को श्रीभूमि अदालत में पेश किया जाएगा।

इस अभियान में एसआई दीपक दास, प्रताप सिन्हा, आईबी शाखा के कर्मी रिपन पाल, विजित देव सहित अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment