गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 29 अगस्त: रामकृष्णनगर स्थित जीसी पाल मेमोरियल अकादमी तथा बीए एवं बीएड कॉलेज में इस वर्ष भी 65वां शिक्षक दिवस समारोहपूर्वक एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत अकादमी सत्र से होगी, जिसके बाद बीए एवं बीएड कॉलेज में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ जीसी पाल मेमोरियल अकादमी के कर्णधार डॉ. कृष्ण रंजन पाल, सचिव सब्यसाची रुद्रगुप्त सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया जाएगा। इसके बाद आमंत्रित अतिथियों द्वारा शिक्षक दिवस के महत्व एवं समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर विचार व्यक्त किए जाएंगे।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा नृत्य, गीत, कविता पाठ सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से उक्त जानकारी जीसी पाल मेमोरियल अकादमी के कर्णधार डॉ. कृष्ण रंजन पाल ने दी।