रामकृष्णनगर के पल्लीश्री हाई स्कूल में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस
गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 1 मई :
रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बरूयाला जीपी के नालारपार स्थित पल्लीश्री हाई स्कूल में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस (मई दिवस) श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नालारपार, पद्मारपार और सिंगिरपार क्षेत्र के अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रमिक आंदोलन के इतिहास, मई दिवस के महत्व तथा श्रमिकों के अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मई दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि श्रमिकों के संघर्ष, बलिदान और अधिकारों की याद दिलाने वाला ऐतिहासिक दिवस है।
शिव शंकर भट्टाचार्य ने मई दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1886 में अमेरिका के शिकागो शहर के हेमार्केट में 8 घंटे कार्य दिवस की मांग को लेकर हुए श्रमिक आंदोलन में अनेक मजदूरों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्हीं शहीदों की स्मृति में विश्वभर में 1 मई को मजदूर दिवस मनाया जाता है।
पूर्व शिक्षक अरुण चौधुरी ने कहा कि मई दिवस श्रमिकों के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में बाल श्रम जैसी समस्याएं मौजूद हैं, जो चिंता का विषय है।
ऋषिकेश तालुकदार ने कहा कि मई दिवस के अवसर पर उपस्थित होकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने श्रमिक आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समाजसेवी जयंत नाथ ने अपने संबोधन में कहा कि मई दिवस शारीरिक श्रम करने वाले मजदूरों के सम्मान का दिन है। इसे केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि श्रमिकों के जीवन संघर्ष की प्रेरणा के रूप में देखना चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व शिक्षक मृणाल कांति दास, हिमांशु देव नाथ, निरंजन नाथ, पिकलू पाल, प्रसेंजित राय, राजदीप तालुकदार, शुक्ला दास, काजल दास, हेमंत देव नाथ सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।