विशेष प्रतिनिधि शिलचर, 14 सितंबर: 14 सितंबर को पूरे देश भर में भारत सरकार की सभी संस्थाओं को हिंदी दिवस मनाने का संवैधानिक प्रावधान है। लेकिन इसका उल्लंघन करने में शिलचर की कुछ केंद्रीय संस्थाएं कोतिही नहीं करती। इसका प्रमाण मिला जब आज हमारे विशेष प्रतिनिधि पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता, पूर्वोत्तर विकास मंत्रालय हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य, नगर राजभाषा कार्यालय समिति सिलचर के सदस्य दिलीप कुमार भारत संचार निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे। महाप्रबंधक महोदय छुट्टी पर थे। कहीं भी हिंदी दिवस, हिंदी सप्ताह या हिंदी पखवाड़ा का कोई नामोनिशान नहीं था। उप महाप्रबंधक सजल दत्त से मिलने पर उन्होंने हिंदी के प्रति अपनी रुचि जाहिर की किंतु राजभाषा अनुपालन के बारे में अनभिज्ञता प्रकट की और कहा कि यह सब के बारे में सर्किल ऑफिस गुवाहाटी कार्रवाई करता है, उनके ऑफिस में हिंदी के लिए कोई अधिकारी नहीं है।

स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के रीजनल ऑफिस में जाने पर बहुत ही सुंदर वातावरण दिखाई पड़ा। प्रवेश द्वार से लेकर कार्यालय में जगह-जगह हिंदी की पट्टियां लगी हुई थी। मुख्य प्रबंधक मानव संसाधन अभिजीत दे ने बताया की की आज हिंदी पखवाड़ा का उद्घाटन हुआ है जो अगले 15 दिन तक चलेगा।
पंजाब नेशनल बैंक के सर्किल ऑफिस में रीजनल मैनेजर सुदीप दास जी से मिलने पर उन्होंने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक 14 सितंबर से 1 महीने तक राजभाषा का विभिन्न प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करता है। आज उद्घाटन के अवसर पर सभी ने राजभाषा प्रतिज्ञा की। पंजाब नेशनल बैंक के हिंदी अधिकारी गुलशन कुमार जी ने बताया कि बैंक की सभी शाखों में राजभाषा का अनुपालन हो इसके लिए निरंतर प्रयास चलता रहता है। पंजाब नेशनल बैंक हिंदी के लिए समर्पित भाव से काम करता है।
जीवन बीमा निगम के मंडलीय कार्यालय में भी आज हिंदी पखवाड़ा का उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। जीवन बीमा निगम के कर्मचारियों के मध्य अगले 15 दिन तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा 29 सितंबर को हिंदी पखवाड़ा का समापन होगा। निगम के प्रबंधक सुजीत चक्रवर्ती ने बताया कि भारतीय जीवन बीमा निगम सदैव राजभाषा का अनुपालन करता है। विभागीय कर्मियों को प्रेरणा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होता है। उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत राजभाषा विभाग काम करता है। राजभाषा विभाग ने राजभाषा के अनुपालन के लिए क्षेत्रीय स्तर पर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियां का गठन किया है। नराकास शिलचर के अंतर्गत 59 सदस्य कार्यालय आते हैं। पुणे महाराष्ट्र में दो दिवसीय अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन आयोजित हो रहा है जिसमें सभी कार्यालय को प्रतिनिधि भेजना था किंतु प्राप्त जानकारी के अनुसार शिलचर से असम विश्वविद्यालय, नेशनल इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी और नवोदय विद्यालय पैलापुल के प्रतिनिधि सम्मेलन में भाग लेने के लिए गए बाकी ने कोई रुचि नहीं दिखाई।

प्रत्येक 6 महीने पर छमाही बैठकों का आयोजन होता है, उसमें भी आधे से कम सदस्य ही उपस्थित होते हैं। सितंबर में हिंदी दिवस, हिंदी सप्ताह, हिंदी पखवाड़ा आदि का आयोजन करने का निर्देश है किंतु उसकी भी परवाह कुछ केंद्रीय संस्थाएं नहीं करती है। राष्ट्रभाषा प्रेमियों ने भारत सरकार और राजभाषा विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है।
चित्र परिचय:
1-पंजाब नेशनल बैंक रीजनल कार्यालय में
2- जीवन बीमा निगम मंगल कार्यालय में हिंदी पखवाड़ा का उद्घाटन समारोह
3- स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया प्रशासनिक कार्यालय में
4- बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक से बात करते हुए हमारे प्रतिनिधि