प्रेरणा ब्यूरो श्रीभूमि, 14 अगस्त: बाजारीछोड़ा थाना क्षेत्र के छागलमोआ गांव निवासी तथा भाजपा के बूथ अध्यक्ष 52 वर्षीय विकास धर का क्षत-विक्षत शव शुक्रवार को लवैरपोआ जीपी के अंतर्गत त्रिपुरा सीमा से सटे योगीछड़ा इलाके से बरामद किया गया। बुधवार दोपहर से लापता विकास धर के शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल पैदा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन एक व्यक्ति का फोन आने के बाद विकास धर मोटरसाइकिल लेकर अचानक घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ पाया गया। परिजनों ने गुरुवार को बाजारीछोड़ा थाने में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
लापता होने की सूचना मिलने के बाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं राज्य मंत्री कृष्णेंदु पाल गुरुवार को बाजारिछड़ा पहुंचे और विकास धर के परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने जिला प्रशासन तथा स्थानीय पुलिस अधिकारियों से भी मामले पर चर्चा करते हुए लापता व्यक्ति की जल्द तलाश करने की मांग की थी।
शुक्रवार सुबह विशेष सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच तेज की। इसी क्रम में पुलिस टीम ने योगीछड़ा इलाके में एक परित्यक्त मकान से विकास धर का शव बरामद किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लीना दल घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जांच का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में संलिप्तता के संदेह में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस जांच के हित में फिलहाल हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच शव को बाजारीछोड़ा थाने लाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण तथा घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
विकास धर के निधन की खबर से बाजारीछोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में शोक के साथ-साथ भारी तनाव व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।