प्रेरणा भारती संवाददाता
शिलचर, 23 जून : बरसात के मौसम में जलभराव से जूझ रहे महादेव लेन और शिवबाड़ी लेन के निवासियों को राहत पहुंचाने के लिए आश्रम रोड स्थित युवशक्ति क्लब के युवाओं ने सराहनीय पहल की है। मंगलवार को क्लब के सदस्यों ने अपने निजी प्रयास और सहयोग से लगभग 50 मीटर लंबा अस्थायी बांस का पुल तैयार कर स्थानीय लोगों एवं विद्यार्थियों के लिए आवागमन की सुविधा सुनिश्चित की।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, वर्षा के दौरान दोनों गलियां पूरी तरह जलमग्न हो जाती हैं, जिससे स्कूल, कॉलेज और बाजार आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से विद्यार्थियों को गंदे और दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ता था। लंबे समय से बनी इस समस्या को देखते हुए युवशक्ति क्लब के सदस्यों ने आवश्यक बांस एवं अन्य सामग्री जुटाकर तेजी से पुल का निर्माण किया।
पुल निर्माण कार्य में क्लब के अध्यक्ष गोविंद दास, सचिव रितेश दास तथा कार्यकारी सदस्य जीत दास, प्रसनजीत दास, निरुत्पल दास, शिमुल दास, अपूर्व हलदार, राजू दास, यीशु दास, सुजीत दास, देबू दास और जयंत दास ने सक्रिय भूमिका निभाई।
एक स्थानीय निवासी ने क्लब की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले कई महीनों से बच्चों और बुजुर्गों को जलभराव के बीच कठिन परिस्थितियों में आवाजाही करनी पड़ रही थी। ऐसे में युवाओं द्वारा किया गया यह कार्य समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस संबंध में युवशक्ति क्लब के अध्यक्ष गोविंद दास ने बताया कि फिलहाल यह एक अस्थायी बांस का पुल है, जिसे आपातकालीन आवागमन को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इसे और अधिक मजबूत एवं टिकाऊ बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने युवशक्ति क्लब के इस जनहितकारी कदम का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहयोग की मिसाल बताया।