मोतीनगर में 28 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद, संयुक्त अभियान में तीन तस्कर गिरफ्तार

काछार (असम)। काछार जिले के लखीपुर थाना क्षेत्र के भुवन पहाड़ की तलहटी स्थित मतिनगर इलाके में चलाए गए संयुक्त मादक पदार्थ विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। 38 असम राइफल्स और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में याबा टैबलेट और हेरोइन बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गोपनीय सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 10 हजार याबा टैबलेट बरामद की गईं, जिनका कुल वजन लगभग 14 किलोग्राम है। इसके अलावा 10 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई 223 ग्राम हेरोइन भी जब्त की गई। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 28 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

प्राथमिक परीक्षण में जब्त सामग्री में याबा और हेरोइन की पुष्टि हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मायाजुल हक, स्टेलमन और नूर हुसैन के रूप में हुई है। तीनों कचुदाराम थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों के तार किस मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े हैं तथा जब्त खेप का स्रोत और गंतव्य क्या था।

Leave a Comment