मेहमानों को देश की अच्छी छवि दिखाए मीडिया: डॉ शर्मा

नई दिल्ली/गुवाहाटी, 9 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने कहा है कि इस समय भारत में दुनिया के अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्ष तथा विशिष्ट लोग आए हुए हैं। इसलिए मीडिया को चाहिए कि वह दो दिन तक सभी आपसी मुद्दों को छोड़कर देश की अच्छी छवि विदेशी मेहमानों के सामने प्रस्तुत करें।
मुख्यमंत्री डॉ विश्वशर्मा शनिवार को दिल्ली में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने असम में चल रहे बिहू नृत्य के तरीके को लेकर किसी बहस पर टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस पर टिप्पणी करके माहौल को और अधिक खराब नहीं करेंगे। दुनिया के देशों से आए मेहमानों के जाने के बाद इस दौरान हुए अच्छे या बुरे को लेकर चर्चा करेंगे।
दरअसल, दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे विदेशी मेहमानों के स्वागत में शुक्रवार को बिहू नृत्य को अलग तरीके से पेश किए जाने को लेकर राज्य में तीखी प्रतिक्रिया देखी गई थी। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री से सवाल किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ विश्वशर्मा ने मीडिया को सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय देश में अलग ही उत्साह और उमंग का माहौल है। दुनिया के कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत में आए हुए हैं। ऐसे में हम सभी को इन दो दिनो तक सिर्फ मेहमानों की खातिरदारी करनी चाहिए। उन्होंने मीडिया से अपील की कि इन दो दिनों तक विदेशी मेहमानों के समक्ष अपनी अच्छी तस्वीर दिखाएं।

Leave a Comment