मेडिकल रोड के मेहरपुर में सड़क के गड्ढे में गिरकर पलटा ई-रिक्शा, समाजसेवी ने खुद संभाली गड्ढे भरने की जिम्मेदारी

शिलचर, 20 जुलाई। शिलचर मेडिकल रोड के मेहरपुर इलाके में सोमवार सुबह सड़क पर बने बड़े गड्ढे में गिरकर एक ई-रिक्शा पलट गया। हालांकि, सौभाग्य से दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर भारी नाराजगी और चिंता देखी गई।

दुर्घटना के बाद स्थानीय समाजसेवी अमीर लाल ग्वाला ने अपनी पहल पर एक बच्चे के साथ मिलकर सड़क पर बने दो बड़े गड्ढों को भरने का काम शुरू किया। समाजसेवी की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि महत्वपूर्ण मेडिकल रोड पर लंबे समय से बने इन गड्ढों के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट किए जाने के बावजूद सड़क की स्थायी मरम्मत के लिए अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से पहले सड़क की तत्काल और स्थायी मरम्मत कराई जाए।

Leave a Comment