मुहर्रम के दौरान विवाद ने लिया हिंसक रूप, एएसआई को गोली मारने के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या

दरभंगा, 27 जून। बिहार के दरभंगा जिले में मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार तड़के एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के उझौल गांव में अखाड़े के इमामबाड़ा के पास ट्यूब लाइट बुझाने को लेकर शुरू हुए विवाद में पटना जिला बल में तैनात एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) को गोली मार दी गई, जबकि गुस्साई भीड़ ने कथित हमलावर की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, उझौल गांव निवासी सुनील सहनी (30) का मुहर्रम के दौरान मौजूद लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि उसने पहले गोली चलाकर ट्यूब लाइट बुझाई। इसका विरोध करने पर उसने पटना जिला बल में कार्यरत एएसआई मो. मोबिन (50), जो मुहर्रम की छुट्टी पर अपने घर आए थे, के पेट में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मो. मोबिन को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गोलीबारी की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने सुनील सहनी को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान धारदार हथियार से सिर पर वार किए जाने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे तथा खून से सना एक फरसा बरामद किया है। फॉरेंसिक टीम (एफएसएल) ने भी मौके का निरीक्षण किया है।

सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment