यशवंत पांडेय, शिलकुड़ी, 6 अगस्त : मानव सेवा के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ सिलचर सिग्नेचर और डोप्लाब फ्यूचर सिग्नेचर ने संयुक्त रूप से कछाड़ जिले के रोजकांदी चाय बागान और आसपास के क्षेत्र में एक निःशुल्क नेत्र जांच एवं कैटरैक्ट ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया।
चाय बागान के श्रमिकों के नेत्र स्वास्थ्य की जांच और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना ही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य था। शिविर में सिलचर के लायंस आई हॉस्पिटल के डॉक्टर उपस्थित रहकर मरीजों की जांच कर रहे थे। जिन लोगों को कैटरैक्ट ऑपरेशन की जरूरत थी, उन्हें अस्पताल ले जाकर ऑपरेशन की व्यवस्था की गई।
क्लब के एक प्रतिनिधि ने कहा, “हम चाहते हैं कि बागान में काम करने वाले श्रमिकों की आंखें स्वस्थ रहें। बागान प्रबंधन के सहयोग के बिना यह काम संभव नहीं हो पाता। पिछले साल नवंबर में भी हमने यहां शिविर लगाया था, तब लगभग 200 से अधिक मरीजों ने इसका लाभ उठाया था।”
क्लब की ओर से इस पहल में सहयोग करने वाले सभी डॉक्टरों, पत्रकारों और बागान प्रबंधन को धन्यवाद दिया गया।