चांगलांग (अरुणाचल प्रदेश): अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले के मानमाओ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिससे क्षेत्र के लगभग २०० मरीजों को लाभ मिला।
इस शिविर का आयोजन ४ असम राइफल्स ने चांगलांग जिला प्रशासन और अरुणाचल प्रदेश पुलिस के सहयोग से किया। शिविर का संचालन डिब्रूगढ़ स्थित गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) ब्राइट विजन एनई द्वारा किया गया।
शिविर के दौरान नेत्र विशेषज्ञों ने लगभग २०० मरीजों की आंखों की जांच कर उनका उपचार किया। इस अवसर पर मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। चश्मे की आवश्यकता वाले मरीजों को अत्यधिक रियायती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाले चश्मे उपलब्ध कराए गए, जिससे क्षेत्र के लोगों के लिए नेत्र चिकित्सा सेवाएं अधिक सुलभ हो सकीं।
इस पहल को स्थानीय समुदाय से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। शिविर से लाभान्वित लोगों ने इसके आयोजन के लिए ४ असम राइफल्स के प्रति आभार व्यक्त किया तथा दूरस्थ क्षेत्र में सामुदायिक कल्याण और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए अर्धसैनिक बल के प्रयासों की सराहना की।