माधव सृष्टि परिसर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

समालखा, 15 अगस्त। पानीपत जिले के समालखा के निकट पट्टी कल्याणा स्थित सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र के माधव सृष्टि परिसर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघ चालक पवन जिंदल ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रीय ध्वज पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए पवन जिंदल ने कहा कि भारत की संस्कृति ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ के महान विचारों पर आधारित है। भारत सदैव पूरी मानवता के कल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ने वाला देश रहा है। उन्होंने कहा कि अखंड भारत की परिकल्पना हमारी सांस्कृतिक और राष्ट्रीय सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए लाखों वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। 15 अगस्त 1947 को भारत स्वतंत्र हुआ, लेकिन इसी के साथ देश का विभाजन भी हुआ। उन्होंने कहा कि इतिहास के विभिन्न कालखंडों में भारत के कई भू-भाग अलग हुए और स्वतंत्रता के बाद भी कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में चला गया।

पवन जिंदल ने कहा कि राष्ट्र को निरंतर प्रगति के पथ पर ले जाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। हम सभी को प्रतिदिन यह संकल्प लेना चाहिए कि भारत को परम वैभव तक पहुंचाने और विश्वगुरु बनाने में अपना योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के सामूहिक प्रयास से भारत को विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार या किसी एक संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के पश्चात उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं। समारोह में राजकुमार शर्मा, अनिल कुमार, विजय जी, डॉ. जयपाल तंवर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में असम के वरिष्ठ पत्रकार दिलीप कुमार की भी उपस्थिति रही।

समारोह का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और भारत को सशक्त एवं समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment