महिला पंचायत प्रतिनिधि के पति के खिलाफ पंचायत मंत्री रंजीत दास की बड़ी कार्रवाई

महिला पंचायत प्रतिनिधि के पति के खिलाफ पंचायत मंत्री रंजीत दास की बड़ी कार्रवाई
 हाइलाकांदी के अलगापुर ब्लॉक समीक्षा बैठक से महिला प्रतिनिधि के पति को बाहर निकाला
प्रीतम दास हाइलाकांदी ७ नवंबर:
पंचायत एवं ग्राम विकास मंत्री रंजीत दास तीन दिवसीय बराक दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन वे हाइलाकांदी पहुँचे। हाईलाकांदि में अलगापुर विकास खंड कार्यालय में आयोजित एक समीक्षा बैठक में उन्होंने हिस्सा लिया।हाइलाकांदी जिले से लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि महिला पंचायत प्रतिनिधियों की जगह उनके पति या भाई पंचायत कार्यालय में आधिकारिक काम को अंजाम देते हैं। इसी शिकायत की ज़मीनी जांच करने के लिए मंत्री रंजीत दास अगलापुर विकास खंड पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, आज मंत्री की समीक्षा बैठक में महिला पंचायत प्रतिनिधियों की जगह उनके पति और भाई आए हुए थे। इस पर मंत्री रंजीत दास ने बैठक से उन लोगों को बाहर कर दिया और महिला पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ही समीक्षा बैठक की। बैठक में पंचायत एवं ग्राम विकास विभाग से जुड़े अनेक कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद मंत्री हाइलाकांदी जिला आयुक्त कार्यालय में आयोजित एक और समीक्षा बैठक में शामिल हुए और फिर भाजपा जिला कार्यालय पहुँचकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बाद में मीडिया से बात करते हुए मंत्री रंजीत दास ने कहा मुझे हाइलाकांदी से अनेक शिकायतें मिली थीं कि महिला पंचायत प्रतिनिधियों की जगह उनके पति या भाई कार्यालय में बैठकर काम करते हैं। अब से किसी भी महिला पंचायत प्रतिनिधि के पति या भाई को कार्यालय में बैठकर काम करने की अनुमति नहीं होगी। यदि ऐसा पाया गया, तो हाइलाकांदी जिला आयुक्त और जिला परिषद के सीईओ को निर्देश दिया गया है कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने आगे कहा असम के किसी भी जिले में यह प्रचलन नहीं है केवल हाइलाकांदी में ऐसा माहौल देखने को मिलता है। हमारी सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काफी कुछ की व्यवस्था की है। यदि महिलाओं की जगह पुरुष कार्यालय में काम करते पाए गए, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी महिला पंचायत प्रतिनिधि की अनुपस्थिति में उसके पति उनके कार्यालय या गाड़ी में बोर्ड लगाकर घूमते हुए पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जनता से भी आग्रह कि किसी भी महिला पंचायत प्रतिनिधि के पति को कार्यालय में बैठकर पद का दुरुपयोग करने या बोर्ड लगाकर घूमने की अनुमति न दें और ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत दें।

Leave a Comment