महालय पर प्रणबानंद विद्यामंदिर की ओर से निकाली गई शोभायात्रा

गौतम सरकार रामकृष्णनगर, 10 अक्टूबर। दुर्गापूजा के आगमन से ठीक पहले महालया की सुबह शनिवार को रामकृष्णनगर शहर की सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बंगाली समुदाय के लोग हर साल इस दिन का बेसब्री से इंतजार करते हैं। बंगालियों के सबसे बड़े त्योहार दुर्गापूजा के आगमन का संदेश लेकर महालया आता है।

महालया के अवसर पर ग्लोबल एकेडमी के प्रमुख विमल दास ने सुबह सैर करने आए विभिन्न स्थानों के लोगों और राहगीरों के बीच पेयजल वितरित किया।

इस अवसर पर रामकृष्णनगर स्थित प्रणबानंद विद्यामंदिर की ओर से एक आकर्षक झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इसमें छोटे-छोटे बच्चों के साथ देवी दुर्गा के जीवंत स्वरूप को प्रस्तुत किया गया। शोभायात्रा प्रणबानंद विद्यामंदिर के सामने से शुरू होकर शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरते हुए नेताजी बाग पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में जीवंत दुर्गा की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

महालया की सुबह देवीपक्ष की शुरुआत की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों के अभिभावकों और सुबह की सैर पर निकले लोगों ने भी शोभायात्रा में भाग लिया।

शहर के प्रमुख स्थानों पर प्रणबानंद विद्यामंदिर के छोटे-छोटे विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुत किया। साथ ही देवी दुर्गा के रूप में सजे कलाकार की नृत्य प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

विद्यालय के शिक्षक दीपक नाथ ने बताया कि पिछले कई वर्षों से प्रणबानंद विद्यामंदिर की ओर से जीवंत दुर्गा को लेकर शोभायात्रा निकाली जा रही है। इस दिन विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है। इस वर्ष विद्यालय की छात्रा स्मिता नाथ ने देवी दुर्गा का रूप धारण किया। उन्होंने बताया कि भविष्य में विद्यालय की ओर से और भी नए कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

इस अवसर पर प्रणबानंद विद्यामंदिर के शिक्षक-शिक्षिकाओं में प्रशांत नाथ, प्रवीर देव, संदीपन देव, सुस्मिता नाथ, मनीदीप पाल, रूपाली नाथ, रूपक दत्त, शुभ्रांशु नाथ, प्रिया पाल, स्निग्धा नाथ, स्निग्धा पाल, जॉली सिन्हा, समहिता नाथ, शिल्पी सिन्हा, रूना नाथ, अर्चना नाथ दास, सृष्टिका नाथ तथा मदर टीचर मल्लिका नाथ उपस्थित थीं।

Leave a Comment