महालया से पहले हाइलाकांदी में दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत, एक गंभीर

आश्रम रोड पर बिजली के खंभे से टकराई बाइक, घायल युवक को शिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया भर्ती

प्रेरणा भारती, हाइलाकांदी: महालया से पहले हाइलाकांदी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय गौरव वाल्मीकि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सैदुल अहमद चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा आश्रम रोड पर उस समय हुआ, जब एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या AS 24 B 7095 आश्रम रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक के नियंत्रण खो देने से बाइक सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गौरव वाल्मीकि की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल सैदुल अहमद चौधरी को स्थानीय लोगों की मदद से हाइलाकांदी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका वहीं उपचार चल रहा है।

दूसरी ओर, मृतक गौरव वाल्मीकि के शव को हाइलाकांदी सिविल अस्पताल ले जाया गया।

महालया की पूर्व संध्या पर हुए इस हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। त्योहार से ठीक पहले एक युवा की असामयिक मौत से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। हादसे को लेकर क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment