महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया दीप प्रज्वलन, भारतीय संस्कृति और परंपराओं की दिखी मनोहारी झलक

अर्जुनगंज (लखनऊ)। दीपोत्सव के पावन अवसर पर अर्जुनगंज स्थित महामना सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में मंगलवार, 3 नवंबर को भव्य गरबा संध्या एवं डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक उल्लास से सराबोर इस आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने अखंड भारत के मानचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्या भारती के शैक्षिक एवं सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था में विद्या भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रेष्ठ अभिभावक, श्रेष्ठ आचार्य एवं श्रेष्ठ संचालक को सम्मानित भी किया।
मंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय परिसर में आयोजित गरबा एवं डांडिया महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मनमोहक गरबा और डांडिया प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। संगीत, नृत्य और दीपोत्सव के उल्लास से पूरा परिसर उत्सवी रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चंद्र पांडेय, कोषाध्यक्ष सुरेंद्रनाथ मिश्रा, समर्थ भारत के दिलीप कुमार, समाजसेवी रुद्र तिवारी एवं विनय प्रकाश तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार के आचार्यगण, विद्यार्थी और अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चंद्र पांडेय एवं कोषाध्यक्ष सुरेंद्रनाथ मिश्रा ने मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिभा शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी उपस्थिति को विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय बताया। विद्यालय की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।