मध्यदेशीय वैश्य महासभा द्वारा नवनिर्वाचित विधायक विजय गुप्ता का भव्य सम्मान

मध्यदेशीय वैश्य महासभा द्वारा नवनिर्वाचित विधायक विजय गुप्ता का भव्य सम्मान

गुवाहाटी, 23 मई (विशेष प्रतिनिधि):
मध्यदेशीय वैश्य महासभा, गुवाहाटी द्वारा शनिवार को गुवाहाटी सेंट्रल से भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक Vijay Gupta के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

महासभा की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती गीता गुप्ता ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन महासभा के सचिव राजू गुप्ता ने किया। उन्होंने समिति के विभिन्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों को क्रमशः मंच पर आमंत्रित कर विधायक विजय गुप्ता का सम्मान करवाया।

समारोह में विधायक को गुलदस्ता, असमिया गमछा, असम की पारंपरिक झापी, सराई तथा गैंडे की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें फुलाम गमछा एवं पुष्पगुच्छ अर्पित कर अभिनंदन किया। महासभा के सभापति एवं पदाधिकारियों ने उन्हें मानपत्र प्रदान कर विशेष सम्मान व्यक्त किया।

अपने संबोधन में विधायक विजय गुप्ता ने गुवाहाटी के समग्र विकास के लिए समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने शहर की स्वच्छता एवं साफ-सफाई को प्राथमिकता देने पर बल देते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय सहयोग का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने लोगों से अध्यात्म के प्रति जागरूक होने का आह्वान करते हुए पूज्य संत गणिनाथ जी के स्मरण के साथ दैनिक कार्यों की शुरुआत करने की बात कही।

इस अवसर पर विजय गुप्ता ने संत गणिनाथ मंदिर हेतु भूमि क्रय के लिए 20 लाख रुपये के सहयोग की घोषणा की। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से भी मंदिर निर्माण के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आग्रह किया। महासभा के सचिव राजू गुप्ता ने भी उपस्थित सदस्यों से मंदिर हेतु भूमि खरीद में सहयोग देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक विजय गुप्ता ने समाज के वरिष्ठ सदस्य शंभू शाह को स्वयं गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में अन्य प्रमुख अतिथियों में श्रीमती विजय गुप्ता, सुरेंद्र गोयल, दीनदयाल शाह, मदन शाह, लालदेव शाह, बालेश्वर प्रसाद गुप्ता, रामचंद्र गुप्ता, श्रीमती गीता गुप्ता एवं श्रीमती मीना गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में महानगर अध्यक्ष शिवप्रसाद गुप्त के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Leave a Comment