मदनपुर गांव के शिव मंदिर के दानपात्र पर गाय का कटा सिर मिलने से इलाके में तनाव

मदनपुर गांव के शिव मंदिर के दानपात्र पर गाय का कटा सिर मिलने से इलाके में तनाव

दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 29 मई :
रामकृष्णनगर थाना क्षेत्र के अनिपुर नयाटिला जीपी अंतर्गत तीन नंबर वार्ड स्थित मदनपुर गांव के एक शिव मंदिर के दानपात्र के ऊपर गाय का कटा हुआ सिर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है तथा स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदिर के समीप रहने वाले एक स्थानीय निवासी ने सबसे पहले इस घटना को देखा। उन्होंने देखा कि शिव मंदिर के दानपात्र के ऊपर किसी ने गाय का कटा हुआ सिर रख दिया है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया।

सूचना मिलने पर रामकृष्णनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए गाय के कटे सिर को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक घटना में शामिल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हिंदू समाज में गाय को माता के रूप में पूजा जाता है और इस प्रकार की घटना धार्मिक आस्था पर सीधा आघात है। लोगों ने आरोप लगाया कि दुष्कर्मियों ने यह हरकत ईद के दिन माहौल बिगाड़ने की नीयत से की है।

क्षेत्रवासियों ने कछार जिले के सीडीएसपी अंशुल शर्मा से मांग की है कि घटना में शामिल दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।

Leave a Comment