मंत्री कौशिक राय ने तिनसुकिया में विकास कार्यों की समीक्षा की, आधुनिक हेरिटेज एलईडी स्ट्रीट लाइट का किया लोकार्पण

तिनसुकिया, 5 अगस्त। असम सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले, सहकारिता तथा आवास एवं शहरी विकास मंत्री कौशिक राय ने बुधवार को एक दिवसीय तिनसुकिया जिला दौरे के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं नगर निकायों के कार्यों की व्यापक समीक्षा की। दौरे के दौरान उन्होंने तिनसुकिया शहर में स्थापित आधुनिक हेरिटेज एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना का लोकार्पण भी किया।

जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने जिले की सभी नगरपालिकाओं के कार्यों का आकलन करते हुए कर संग्रह, ट्रेड लाइसेंस, स्वच्छ भारत मिशन के तहत विकास कार्यों, नगर नियोजन, जल निकासी व्यवस्था तथा शहरी विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। नगरपालिकाओं के अध्यक्षों एवं अधिकारियों से स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त निदेशक (नगर एवं ग्राम नियोजन) विश्वजीत भूयां ने तिनसुकिया विकास प्राधिकरण के मास्टर प्लान एवं विकास अधिकार हस्तांतरण (टीडीआर) योजना की जानकारी दी, जबकि कार्यकारी अभियंता तपन कुमार शर्मा ने शहर की जल निकासी व्यवस्था और नालों के विकास की विस्तृत योजना प्रस्तुत की।

मंत्री कौशिक राय ने बरसात के दौरान तिनसुकिया में होने वाले कृत्रिम जलभराव पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को वैज्ञानिक एवं दीर्घकालिक योजना के तहत ड्रेनेज प्रणाली सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की और साफ-सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर बल दिया।

खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने ‘अन्न सेवा’ कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली तथा 10 अगस्त से पात्र लाभार्थियों को रियायती दर पर चीनी एवं दाल उपलब्ध कराने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र उपभोक्ता तक समय पर खाद्यान्न पहुंचे।

धान खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने किसानों की संख्या, खरीद प्रक्रिया तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सहकारिता विभाग की समीक्षा में सहकारी समितियों के पंजीकरण, उनके कार्यों एवं लाभार्थियों की संख्या पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

दौरे के दौरान मंत्री कौशिक राय ने तिनसुकिया नगरपालिका द्वारा जीएनबी रोड स्थित सार्वजनिक श्री शिव हनुमान मंदिर के समीप स्थापित अत्याधुनिक डेकोरेटिव हेरिटेज एलईडी स्ट्रीट लाइट्स का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और रात्रिकालीन आवागमन को भी अधिक सुगम बनाएगी। ऊर्जा दक्ष आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से तिनसुकिया को एक नया और आकर्षक स्वरूप मिलेगा।

लोकार्पण समारोह में तिनसुकिया के विधायक पुलक गोहाई, डिब्रूगढ़ के विधायक प्रशांत फुकन, आवास एवं शहरी विकास विभाग की आयुक्त-सचिव कविता पद्मनाभन, तिनसुकिया नगरपालिका के अध्यक्ष पुलक चेतिया, उपाध्यक्ष इंद्रा रॉय, तिनसुकिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष काजल गोहाई, पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह, असम हाइड्रोकार्बन एंड एनर्जी लिमिटेड के उपाध्यक्ष शिवजी दुबे, पूर्व अध्यक्ष प्रणब बरुआ, विभिन्न नगरपालिकाओं के अध्यक्ष, पार्षद तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment