भुवन बाबा से त्रिपुरेश्वरी धाम तक पदयात्रा जारी, बारिश के बीच श्रद्धा और सनातन जागरण का संदेश
शिलचर, 29 अप्रैल : भुवन पहाड़ स्थित प्रसिद्ध भुवन बाबा मंदिर से साधु-संतों और श्रद्धालुओं का एक दल त्रिपुरेश्वरी देवी मंदिर के दर्शन हेतु गत शुक्रवार को पैदल यात्रा पर रवाना हुआ। यह धार्मिक पदयात्रा वर्तमान में पाथरकांदी क्षेत्र को पार कर आगे बढ़ रही है।
यात्रा के दौरान बीच-बीच में हो रही बारिश से श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, बावजूद इसके दल के सदस्यों का उत्साह और आस्था अडिग बनी हुई है। साधु-संतों ने बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सनातन संस्कृति के जागरण और समाज में आध्यात्मिक चेतना फैलाने का भी एक प्रयास है।
पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रियों का स्वागत एवं सेवा-सत्कार भी किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी यही साधु-संतों का दल भुवन बाबा मंदिर से मां कामाख्या मंदिर तक सफल पदयात्रा कर चुका है। अब त्रिपुरेश्वरी धाम की यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा के प्रति समर्पण का नया संदेश दे रही है। उपरोक्त जनकारी काशी के संत प्रभु नारायण करपात्री ने प्रदान की।