भारतीय मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, कर्मचारियों की तीन प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग:

प्रयागराज। भारतीय मजदूर संघ, प्रयागराज द्वारा कर्मचारियों की तीन प्रमुख समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी प्रयागराज के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में कर्मचारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष महेश नारायण त्रिपाठी एवं जिला मंत्री रविकान्त के हस्ताक्षर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि संगठन राष्ट्रहित, उद्योगहित एवं मजदूरहित को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।

ज्ञापन में राजकीय मुद्रणालय के औद्योगिक कर्मचारियों के अवशेष पदों के कैडर रिव्यू एवं वेतन समिति-2016 की संस्तुति के संबंध में शीघ्र कैबिनेट अनुमोदन कराए जाने की मांग की गई है। संगठन ने कहा कि इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र निर्णय लिया जाना कर्मचारियों के हित में होगा।

दूसरी प्रमुख मांग NPS कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा से संबंधित है। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में कर्मचारियों को सेवाकाल के दौरान चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद यह सुविधा बंद कर दी जाती है। संगठन ने इसे कर्मचारियों के हित में उचित नहीं बताते हुए सेवानिवृत्ति के बाद भी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासनादेश जारी करने की मांग की है।

तीसरी मांग संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को पांच लाख रुपये तक की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की है। संगठन का कहना है कि इन कर्मचारियों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान किया जाना आवश्यक है।

भारतीय मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री से तीनों बिंदुओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र शासनादेश/आदेश जारी कर समस्याओं का समाधान कराने का अनुरोध किया है। संगठन ने आशा व्यक्त की है कि सरकार कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के हित में सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगी।

ज्ञापन के माध्यम से भारतीय मजदूर संघ ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान के लिए संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना पक्ष शासन के समक्ष रखता रहेगा।

 ज्ञापन देने वालों में भारतीय मधुर संघ के विभाग प्रमुख श्री राधेश्याम पांडे जी सतनारायण यादव जिला अध्यक्ष महेश नारायण त्रिपाठी, RMS से जिला उपाध्यक्ष जगदंबा प्रसाद विश्वकर्मा, जिला मंत्री श्री रविकांत, संरक्षक के पी दुबे जी, जिला मीडिया प्रभारी राम रतन जी, उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ से मोहित सिंह जी, जिला संगठन मंत्री श्री रघुनंदन सिंह जी, उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री सत्यनारायण यादव जी सहित सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment