बेलगावी में संपन्न हुई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक

25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलेगा राष्ट्रव्यापी शाखा विस्तार अभियान

एजेंसी संवाददाता बेलगावी (कर्नाटक), 14 जुलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक 10 से 12 जुलाई 2026 तक कर्नाटक के बेलगावी में संपन्न हुई। तीन दिवसीय इस महत्वपूर्ण बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष (2025-26) के शेष कार्यक्रमों, शाखा विस्तार, कार्यकर्ता प्रशिक्षण, संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी कार्ययोजना पर व्यापक मंथन किया गया।

बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख एवं सह प्रमुख, कार्यकारिणी सदस्य, क्षेत्र प्रचारक, सह क्षेत्र प्रचारक, देश के सभी 46 प्रांतों के प्रांत प्रचारक एवं सह प्रांत प्रचारक तथा संघ प्रेरित विभिन्न संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री सहित कुल 226 वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में मार्च 2026 के बाद देशभर में आयोजित संघ शिक्षा वर्गों और कार्यकर्ता विकास वर्गों की समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि 95 प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से 18,842 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही शाखा स्तर पर निर्धारित कार्ययोजनाओं के क्रियान्वयन, संगठनात्मक विस्तार और कार्य की प्रभावशीलता का भी विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत देशभर में चलाए गए शाखा विस्तार अभियान की समीक्षा करते हुए आगामी चरण की रणनीति तय की गई। निर्णय लिया गया कि 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक देशव्यापी विशेष शाखा विस्तार अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक स्थानों पर नई शाखाएं प्रारंभ करने और समाज के विभिन्न वर्गों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में शताब्दी वर्ष के अंतर्गत अब तक आयोजित कार्यक्रमों का आकलन करने के साथ-साथ विजयादशमी, 20 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित शेष कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। इस दौरान सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर विशेष बल देने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के वर्ष 2026-27 के प्रवास कार्यक्रम तथा विभिन्न प्रांतों में संगठनात्मक गतिविधियों को और सशक्त बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं से शताब्दी वर्ष के अवसर पर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बढ़ाने और सेवा, संगठन तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों को और गति देने का आह्वान किया गया।

Leave a Comment