शिलचर: शरतपल्ली उत्तरांचल सार्वजनिक कालीपूजा समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी धार्मिक रीति-रिवाजों और पूरी श्रद्धा के साथ कालीपूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष पूजा का विशेष आकर्षण बेटों के वास्तविक जीवन, उनकी जिम्मेदारियों और जीवन संघर्ष की कहानी पर आधारित अनूठी थीम होगी।
समिति की ओर से बताया गया कि एक बेटे के बचपन से लेकर उसके बड़े होने, पढ़ाई पूरी करने के बाद परिवार की जिम्मेदारियां अपने कंधों पर उठाने, जीवन के विभिन्न सुख-दुःख, हंसी-खुशी, पीड़ा और अंततः माता-पिता से अलग हो जाने जैसी वास्तविक परिस्थितियों को इस थीम के माध्यम से दर्शाया जाएगा।
रविवार से मंगलवार तक दर्शनार्थियों के लिए पूजा पंडाल और विशेष थीम खुली रहेगी। रविवार को कालीपूजा संपन्न होने के बाद सोमवार सुबह 6 बजे से 10 बजे तक महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
समिति के अध्यक्ष सुजन दास, सचिव सनी पाल, कोषाध्यक्ष रोहित कंस बनिक तथा कार्यकारी सदस्य सायन पाल, पंकज देवनाथ और सत्यम भट्टाचार्य सहित अन्य सदस्यों ने सभी को कालीपूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए पूजा मंडप में आकर इस अनूठी थीम का आनंद लेने और महाप्रसाद ग्रहण करने का आमंत्रण दिया है।