बुढ़ी दिहिंग नदी से चार हजार कांवरियों ने भरा जल, तिनसुकिया शिवधाम में किया जलाभिषेक

मार्घेरिटा, 9 अगस्त। सावन के पवित्र महीने में रविवार को मार्घेरिटा स्थित बुढ़ी दिहिंग नदी का तट हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। क्षेत्र के लगभग चार हजार शिवभक्तों एवं कांवरियों ने बुढ़ी दिहिंग नदी से पवित्र जल भरा और गाजे-बाजे तथा बोल बम के जयकारों के साथ तिनसुकिया स्थित शिवधाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

घाट पर लगातार हो रही बारिश के बावजूद शिवभक्तों के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी। बड़ी संख्या में कांवरियों ने निर्धारित विधि-विधान के साथ नदी से जल ग्रहण किया और शिवधाम के लिए रवाना हुए।

कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोल बम सेवा समिति तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। मार्घेरिटा के स्वयंसेवक श्री सुमन सैकिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कांवरियों को जल भरने में सहयोग किया तथा घाट पर पेयजल, औषधि एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई।

बोल बम सेवा समिति के मुख्य सलाहकार हरीश कुमार सैकिया ने बताया कि समिति की ओर से शिवभक्तों के लिए जल, आवश्यक औषधियां और एंबुलेंस सेवा की समुचित व्यवस्था की गई थी। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

कार्यक्रम के दौरान बोल बम सेवा समिति के अध्यक्ष अर्जुन प्रजापति, संपादक मनोजित बारोई सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक तथा सीआरपीएफ के जवान उपस्थित रहे। सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवानों की तैनाती भी की गई थी।

सावन के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

Leave a Comment