कोकराझार 28 अक्टूबर : असम में एक पारंपरिक बिहू दल पर हुए हमले की घटना को लेकर विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ‘ऑल असम बंगाली युवा छात्र फेडरेशन’ (AABYSF) के महासचिव इंद्रजीत देवनाथ ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है और दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इंद्रजीत देवनाथ ने अपने बयान में कहा कि बिहू असम की सांस्कृतिक पहचान, अखंडता और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे पावन पर्व और सांस्कृतिक दल पर हमला किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह घटना समाज के शांतिपूर्ण माहौल और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है।
उन्होंने असम सरकार और स्थानीय पुलिस-प्रशासन से मांग की है कि मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा घटना में शामिल असामाजिक तत्वों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। साथ ही, उन्होंने लोगों से शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।