बाढ़ राहत के लिए आदित्य एनकेएस ग्रुप ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए २१ लाख रुपये

डिब्रूगढ़: असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आदित्य एनकेएस ग्रुप ने मुख्यमंत्री राहत कोष में २१ लाख रुपये का योगदान दिया है। यह राशि राज्य में जारी राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से दी गई है।

आदित्य एनकेएस ग्रुप के निदेशक एवं प्रोपराइटर डॉ. सिद्धार्थ साहेवाला ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा से मुलाकात कर उन्हें औपचारिक रूप से ₹२१ लाख की सहायता राशि सौंपी।

यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब शिवसागर और चराइदेव जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और बड़ी संख्या में लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। जलभराव और बाढ़ के कारण कई परिवारों को विस्थापन तथा अन्य कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। प्रभावित क्षेत्रों में राज्य प्रशासन की ओर से राहत एवं पुनर्वास कार्य लगातार जारी हैं।

इस अवसर पर डॉ. सिद्धार्थ साहेवाला ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय समाज और कारोबारी समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे संकट में फंसे लोगों के साथ खड़े हों। मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया गया यह योगदान बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती देने के उद्देश्य से किया गया है।

आदित्य एनकेएस ग्रुप की यह पहल उसकी सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। समूह ने उम्मीद जताई कि यह योगदान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों को और मजबूत करने में सहायक होगा तथा संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में योगदान देगा।

Leave a Comment