बराक नदी का जलस्तर सामान्य होने लगा, फिर भी जलमग्न है शिलचर शहर; निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

राजू दे शिलचर: बराक नदी का जलस्तर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है। नदी किनारे राहत के संकेत दिखाई देने लगे हैं, लेकिन इसके बावजूद सिलचर शहर के लोगों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर के कई इलाकों में अब भी वर्षा का पानी जमा हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित बना हुआ है।

रंगपुर, तारापुर, मालूग्राम, अंबिकापट्टी सहित शहर के अनेक क्षेत्रों में सड़कें, गलियां और रिहायशी इलाकों के सामने अब भी पानी भरा हुआ है। कई स्थानों पर घुटनों तक पानी जमा है, जबकि कुछ इलाकों में सड़कें कीचड़ से पट गई हैं। इसके कारण लोगों को दैनिक आवागमन, व्यापारिक गतिविधियों और स्कूल-कॉलेज आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बराक नदी का जलस्तर घटने के बावजूद शहर की कमजोर जल निकासी व्यवस्था के कारण वर्षा का पानी तेजी से बाहर नहीं निकल पा रहा है। कई नालियां कचरे और गाद से भरी होने के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है।

ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब बराक नदी का जलस्तर लगभग सामान्य हो चुका है, तब भी शिलचर शहर जलभराव से क्यों जूझ रहा है? क्या इसका कारण केवल हाल की भारी बारिश है, या फिर वर्षों से चली आ रही अव्यवस्थित और अपर्याप्त जल निकासी व्यवस्था इसके लिए जिम्मेदार है?

अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। शहरवासियों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग शीघ्र प्रभावी कदम उठाकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करेगा, ताकि लोगों को लंबे समय से चली आ रही इस जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Comment