शिलचर, 12 जुलाई (रानू दत्त): बराक घाटी में <PRIVATE_PERSON> हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग को शनिवार को नई दिशा मिली। शिलचर स्थित एलोरा हेरिटेज में आयोजित एक कार्यक्रम में हाईकोर्ट बेंच डिमांड इम्प्लीमेंटेशन कमेटी, कछार जिला समिति ने इस जनआंदोलन से संबंधित विज़न डॉक्यूमेंट, डॉक्यूमेंट्री फिल्म तथा आधिकारिक थीम सॉन्ग का औपचारिक लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में एनआईटी शिलचर के निदेशक प्रो. दिलीप कुमार वैद्य, गुरुचरण विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. विद्युत कुमार पाल, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक कुमार देव, समिति के अध्यक्ष ध्रुव कुमार साहा तथा महासचिव निखिल पाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
वक्ताओं ने कहा कि बराक घाटी में हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित होने से आम लोगों को न्याय प्राप्त करने के लिए गुवाहाटी तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे मुकदमों की सुनवाई अधिक सुलभ होगी तथा लोगों का समय और आर्थिक व्यय दोनों कम होंगे।
समिति के अध्यक्ष ध्रुव कुमार साहा ने बताया कि इस मांग को लेकर आंदोलन की शुरुआत 1970 के दशक में हुई थी। वर्तमान में लगभग 150 सामाजिक एवं विभिन्न संगठन इस अभियान से जुड़े हैं और यह अब पूरे बराक घाटी की जनभावना का स्वरूप ले चुका है।
समिति ने कहा कि जारी किए गए विज़न डॉक्यूमेंट और डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से हाईकोर्ट बेंच की आवश्यकता एवं औचित्य को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जाएगा तथा सामाजिक और राजनीतिक समर्थन को और मजबूत किया जाएगा।