पुतनी चाय बागान की नर्सरी का कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने किया निरीक्षण
रंजीत कोइरी, पाथरकांदी : बराक घाटी में पाम ऑयल की खेती को बढ़ावा देने के लिए असम सरकार ने विशेष पहल की है। अगले पांच वर्षों में राज्य में दो लाख पाम ऑयल के पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को राज्य के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने श्रीभूमि शहर में बैठक के बाद पाथारकांदी के पुतनी चाय बागान स्थित पाम ऑयल नर्सरी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नर्सरी में तैयार किए जा रहे पौधों, उनकी देखभाल और खेती से संबंधित बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर पाम ऑयल की खेती की संभावनाओं और इससे होने वाले आर्थिक लाभ की जानकारी दी। साथ ही किसानों से इस वैकल्पिक व्यावसायिक खेती को अपनाने की अपील की।
मंत्री हजारिका ने बताया कि पाम ऑयल एक दीर्घकालीन व्यावसायिक फसल है। पौधे लगाने के लगभग तीन वर्ष बाद इनमें फल आने लगते हैं। एक बीघा जमीन में करीब 20 से 25 पाम ऑयल के पेड़ लगाए जा सकते हैं। इसकी खासियत यह है कि पेड़ों के बीच खाली जमीन पर केला, अदरक, हल्दी सहित अन्य फसलों की खेती भी की जा सकती है। इससे किसानों को एक ही जमीन से कई स्रोतों से आमदनी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि असम सरकार ने अगले पांच वर्षों में दो लाख पाम ऑयल के पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत चालू वर्ष में 30 हजार पौधे तैयार करने के लिए बराक घाटी में नर्सरी स्थापित की गई है। गॉडरेज कंपनी के प्रबंधन में संचालित इस नर्सरी के माध्यम से परियोजना का विस्तार किया जा रहा है।
मंत्री के अनुसार, एक पूर्ण विकसित पाम ऑयल के पेड़ से सालाना लगभग तीन हजार रुपये तक की आमदनी हो सकती है। उन्होंने बताया कि पाथारकांदी के पुतनी में अब तक 18 हजार पाम ऑयल के पेड़ लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा चाय बागान की कुल जमीन के 15 प्रतिशत हिस्से में पाम ऑयल के पौधे लगाने की पहल की जा रही है। इससे चाय बागानों की जमीन का बहुउद्देशीय उपयोग संभव हो सकेगा।
मंत्री ने किसानों से इस परियोजना से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि पाम ऑयल की खेती बराक घाटी के कृषि क्षेत्र में आय के नए अवसर पैदा कर सकती है। हालांकि, इस योजना की वास्तविक सफलता उत्पादन, बाजार व्यवस्था और किसानों को मिलने वाले लाभ पर निर्भर करेगी।
निरीक्षण के दौरान जनस्वास्थ्य तकनीकी तथा बराक एवं पर्वतीय विकास विभाग के मंत्री कृष्णेंदु पाल, नॉर्थ ईस्ट गॉडरेज एग्रोवेट लिमिटेड के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव मैनेजर आनंद पांडे, भाजपा श्रीभूमि जिला अध्यक्ष संजीव बनिक, रामकृष्ण नगर के विधायक विजय मालाकार, जिला आयुक्त त्रिदिब राय, भगवान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील सिंह, सर्किल अधिकारी अदिति नुनिसा, लोआइरपोवा आंचलिक पंचायत अध्यक्ष सजल कुर्मी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ऋषिकेश नंदी, शिलचर के पूर्व विधायक दीपायन चक्रवर्ती सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।