बराक घाटी में औद्योगिक विस्तार को नई गति
स्टार सीमेंट के काछार यूनिट का उद्घाटन, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण
शिलचर, 20 फरवरी। असम में औद्योगिक विकास को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने काछार जिले के हिलारा में स्टार सीमेंट के नए उत्पादन (ग्राइंडिंग) यूनिट का उद्घाटन किया। यह परियोजना बराक घाटी में निजी क्षेत्र के बड़े निवेश का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।
करीब 400 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी निवेश से स्थापित इस अत्याधुनिक यूनिट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 20 लाख टन (2 मिलियन टन) है। इसके माध्यम से दक्षिण असम तथा पड़ोसी राज्यों में सीमेंट की उपलब्धता सुदृढ़ होगी और 1,000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह में पद्मश्री से सम्मानित कंपनी के चेयरमैन सज्जन भजनका, मंत्री कौशिक राय, मंत्री बिमल बोरा, सांसद कणाद पुरकायस्थ, उप-प्रबंध निदेशक तुषार भजनका, मुख्य परिचालन अधिकारी प्रदीप पुरोहित, कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, सरकारी प्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यूनिट असम में निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है और राज्य के संतुलित क्षेत्रीय विकास के लक्ष्य के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि इस स्तर का औद्योगिक निवेश न केवल अवसंरचना को मजबूत करता है, बल्कि युवाओं के लिए स्थायी रोजगार के अवसर भी सृजित करता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ऐसा औद्योगिक वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां उद्योगपति विश्वास के साथ निवेश कर सकें और जिम्मेदार औद्योगिक विस्तार के माध्यम से क्षेत्रीय विकास को गति मिले।
चेयरमैन सज्जन भजनका ने कहा कि यह परियोजना बराक घाटी के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि कछार यूनिट स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करेगी, रोजगार बढ़ाएगी और असम के अवसंरचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
उप-प्रबंध निदेशक तुषार भजनका ने बताया कि नई इकाई से आपूर्ति श्रृंखला की दक्षता बढ़ेगी और क्षेत्र की बढ़ती मांग को समय पर पूरा किया जा सकेगा। वहीं, मुख्य परिचालन अधिकारी प्रदीप पुरोहित ने कहा कि हिलारा ग्राइंडिंग यूनिट को उच्च गुणवत्ता और संचालन दक्षता को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
रणनीतिक रूप से स्थापित यह यूनिट दक्षिण असम के साथ-साथ त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर जैसे पड़ोसी राज्यों की बढ़ती अवसंरचना और आवासीय जरूरतों को भी पूरा करेगी। इससे दूरस्थ उत्पादन केंद्रों पर निर्भरता घटेगी, परिवहन लागत कम होगी और सरकारी एवं निजी परियोजनाओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
कछार यूनिट के शुभारंभ के साथ, Star Cement Limited ने पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में अपनी उपस्थिति को और सुदृढ़ कर लिया है, जिससे असम के समग्र औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।