शिलचर, 1 जुलाई। हिंदीभाषी समन्वय मंच, शिलचर के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने दक्षिण असम (बराक घाटी) के समग्र एवं रणनीतिक विकास से जुड़े चार महत्वपूर्ण आधारभूत ढांचागत परियोजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक विस्तृत ज्ञापन नवनियुक्त कछार जिला आयुक्त राहुल कुमार गुप्ता के माध्यम से सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि बराक घाटी केवल दक्षिण असम ही नहीं, बल्कि मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय जैसे पूर्वोत्तर राज्यों की जीवनरेखा है। भौगोलिक विषमताओं और भूस्खलन के कारण सड़क एवं रेल संपर्क अक्सर बाधित हो जाता है, जिससे आवश्यक वस्तुओं, दवाइयों, ईंधन तथा अन्य दैनिक उपयोग की सामग्रियों की आपूर्ति प्रभावित होती है और आम जनता को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मंच ने प्रधानमंत्री से चार प्रमुख परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है। इनमें बराक नदी के माध्यम से शिलचर तक नियमित मालवाहक जल परिवहन प्रारंभ करना, चंद्रनाथपुर-लंका वैकल्पिक रेलमार्ग का शीघ्र निर्माण, शिलचर-पोरबंदर राष्ट्रीय राजमार्ग के दीमा हसाओ खंड को जल्द पूरा करना तथा दक्षिण असम में पाइप्ड प्राकृतिक गैस (PNG) एवं सीएनजी की नियमित आपूर्ति शुरू करना शामिल है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से परिवहन लागत में कमी आएगी, बरसात के मौसम में भी निर्बाध संपर्क बना रहेगा, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, व्यापार एवं उद्योग को नई गति मिलेगी तथा पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के आर्थिक विकास को बल मिलेगा।

इस अवसर पर हिंदीभाषी समन्वय मंच की अध्यक्षा श्रीमती फूलमती कलवार, महासचिव दिलीप कुमार, हिंदीभाषी युवा मंच के अध्यक्ष राजन कुंवर, हिंदीभाषी महिला मंच की महामंत्री श्रीमती सीमा कुमार, राष्ट्रभाषा एवं चाय जनगोष्ठी उन्नयन मंच की प्रतिनिधि श्रीमती अर्चना राय, बराक चाय जन जागृति मंच के प्रतिनिधि अमरनाथ प्रजापति, प्रमोद कुमार शाह, किरण शील सहित विभिन्न सहयोगी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञापन की प्रतिलिपि असम के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, रेल, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रियों के साथ-साथ असम सरकार के कैबिनेट मंत्री कौशिक राय, स्थानीय सांसद, विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी प्रेषित की जाएगी।