बरथल चाय बागान में 9 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा से गूंजा क्षेत्र।

बरथल चाय बागान में 9 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा से गूंजा क्षेत्र।
चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर 12 जुन :—- कछार जिले के लखीपुर क्षेत्र के बरथल चाय बागान स्थित जगन्नाथ सामूहिक भवन में शुक्रवार को तीन दिवसीय 9 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। महायज्ञ के प्रथम दिन लगभग 100 श्रद्धालुओं ने निकटवर्ती जलाशय से कलशों में जल भरकर भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली। धार्मिक जयघोषों और भक्ति गीतों के बीच निकली इस कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक वेदमूर्ति, तपोनिष्ठ पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य तथा वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण एवं गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार के मार्गदर्शन में आयोजित इस महायज्ञ का उद्देश्य प्राणी मात्र की सुख-शांति, समृद्धि, युवाओं को श्रेष्ठ मार्गदर्शन तथा आत्मिक एवं आध्यात्मिक उन्नति के लिए जन-जागरण करना है।
यह आयोजन वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मदिवस तथा अखंड ज्योति स्थापना के शताब्दी समारोह की तैयारियों के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में पूज्य गुरुदेव द्वारा स्थापित अखंड ज्योति के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समाज में नैतिक एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रसार भी इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
महायज्ञ के प्रथम दिन क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहर्ष शामिल हुए। यज्ञ, पूजन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ से आयोजन स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
आयोजन समिति के अनुसार तीनों दिनों तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। महायज्ञ में सभी जाति, धर्म और संप्रदाय के स्त्री-पुरुष एवं बच्चे बिना किसी भेदभाव के भाग ले सकते हैं। सभी संस्कार एवं यज्ञीय कर्मकांड पूर्णतः निःशुल्क रखे गए हैं।
कार्यक्रम के तहत 12 जून को भव्य कलश शोभा यात्रा, कथा प्रवचन तथा दीप यज्ञ का आयोजन किया गया। 13 जून को देव आवाहन, पूजन, यज्ञ एवं विभिन्न संस्कारों के साथ कथा प्रवचन होगा, जबकि 14 जून को यज्ञ संस्कार एवं पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ का समापन किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार एवं मित्रों सहित महायज्ञ में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने तथा विश्व कल्याण के इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।

Leave a Comment